Jamtara: जामताड़ा साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी एटीएम कार्ड की केवाईसी अपडेट कराने और PhonePe पर ₹999 कैशबैक का झांसा देकर लोगों से ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। मामले का खुलासा साइबर डीएसपी अमित रविदास ने किया। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी अलग-अलग जगहों से लोगों को फोन कर साइबर ठगी कर रहे हैं। इसके बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल समेत अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।
दो अलग-अलग जगहों से आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने पहली कार्रवाई में ताराबहाल से नावाडीह जाने वाली सड़क स्थित एक घर में छापेमारी कर रईस अंसारी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह केवाईसी अपडेट के नाम पर लोगों से बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी लेकर ठगी करता था। इसके बाद दूसरी छापेमारी में नारायणपुर थाना क्षेत्र के तारासठिया जंगल के पास से अहमद अंसारी को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि वह लोगों को ₹999 कैशबैक का लालच देकर फर्जी लिंक और ओटीपी के जरिए ठगी करता था।
मोबाइल, सिम और बाइक बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साइबर डीएसपी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के केवाईसी, कैशबैक या इनाम के नाम पर आने वाले कॉल, लिंक या ओटीपी साझा न करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी साइबर थाना को दें।