Chaibasa INTUC Protest: पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में यूथ इंटक ने बुधवार को विभिन्न जनसमस्याओं और मजदूरों के मुद्दों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया. पुराना डीसी कार्यालय के सामने आयोजित इस प्रदर्शन में अडानी ACC सीमेंट फैक्टरी को दोबारा चालू कराने, सरकारी सेवाओं में आ रही दिक्कतों को दूर करने और विकास योजनाओं में तेजी लाने सहित नौ सूत्री मांगें उठाई गईं.
मजदूरों के हित और जनसमस्याओं को उठाया गया
जिलाध्यक्ष सुरेश सावैयाँ के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में प्रखंड कार्यालयों में जाति, आय, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में हो रही परेशानी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. इसके अलावा डीएमएफटी फंड से बनने वाली सड़कों और पुलों के निर्माण में हो रही देरी पर भी चिंता जताई गई. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि कई योजनाओं में संवेदकों की लापरवाही के कारण काम समय पर पूरा नहीं हो पा रहा है.
फैक्टरी शुरू कराने के लिए आंदोलन जारी रखने की बात
झारखंड प्रदेश यूथ इंटक के अध्यक्ष सत्यम सिंह ने कहा कि झींकपानी स्थित अडानी ACC सीमेंट फैक्टरी को फिर से शुरू कराने की मांग को लेकर संगठन मजदूरों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा. वहीं जिला कांग्रेस के प्रभारी धर्मेंद्र सोनकर ने कहा कि फैक्टरी बंद रहने से प्रभावित मजदूरों और बेरोजगार युवाओं की समस्याओं को मुख्यमंत्री और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा.
कई कांग्रेस और इंटक नेताओं ने किया संबोधित
धरना-प्रदर्शन को जिला कांग्रेस अध्यक्ष रंजन बोयपाई, जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा, झारखंड प्रदेश मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग के सदस्य सन्नी सिंकू, इंटक जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास, अमृत मांझी, गुलजार अंसारी, शीतल पूर्ति, समीर हेंब्रम और जितेंद्र सिंह समेत कई नेताओं ने संबोधित किया. कार्यक्रम के अंत में युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष राजू कायम ने धन्यवाद ज्ञापन दिया. इस दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद दुर्गा प्रसाद जामुदा सहित कांग्रेस, यूथ कांग्रेस और इंटक के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.