JBV Students Protest For Teachers: सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड स्थित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय (जेबीएवी) कुकड़ू में शिक्षकों की कमी को लेकर कक्षा 10वीं और 12वीं की छात्राओं ने बुधवार को विद्यालय के मुख्य द्वार पर हड़ताल कर प्रदर्शन किया. छात्राएं तेज धूप में बैठकर शिक्षकों की जल्द नियुक्ति की मांग करती रहीं.
छात्राओं ने कहा कि विद्यालय में पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है. उनका आरोप है कि एक अध्याय पूरा कराने में छह महीने तक लग जाते हैं. छात्राओं के अनुसार, अंग्रेजी के शिक्षक पिछले छह महीने से विद्यालय में अनुपस्थित हैं. इसके अलावा सामाजिक विज्ञान और विज्ञान विषय के शिक्षकों की भी कमी बनी हुई है.
बोर्ड परीक्षा पर असर पड़ने की चिंता
छात्राओं का कहना है कि शिक्षकों की कमी जल्द दूर नहीं हुई तो उनकी पढ़ाई के साथ आगामी बोर्ड परीक्षा की तैयारी और परिणाम भी प्रभावित हो सकते हैं. उन्होंने प्रशासन और शिक्षा विभाग से तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की.
विधायक की ओर से तीन दिनों के भीतर शिक्षकों की व्यवस्था कराने का आश्वासन मिलने के बाद छात्राओं ने हड़ताल समाप्त कर दी. हालांकि छात्राओं ने स्पष्ट कहा कि यदि तीन दिन के भीतर शिक्षक उपलब्ध नहीं कराए गए, तो वे दोबारा हड़ताल करने को बाध्य होंगी.
प्रभारी अंचल अधिकारी ने सुनीं छात्राओं की समस्याएं
हड़ताल की सूचना मिलने पर कुकड़ू प्रखंड के प्रभारी अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी विद्यालय पहुंचे. तब तक छात्राओं ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया था. इसके बाद उन्होंने विद्यालय के शिक्षक कार्यालय में छात्राओं को बुलाकर उनकी समस्याएं सुनीं.
अंचल अधिकारी ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों से संबंधित रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी और जल्द से जल्द शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का प्रयास होगा.
उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध डिजिटल संसाधनों, विशेषकर जेनरेटर आदि का शीघ्र उपयोग शुरू कराने तथा परिसर में तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) लगाने के लिए भी आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया. छात्राओं ने प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं और जल्द समाधान की उम्मीद जताई.