Jharkhand Crime News: झारखंड के दो कुख्यात अपराधियों राहुल सिंह और प्रिंस खान के बीच सोशल मीडिया पर शुरू हुई जुबानी जंग तेज हो गई है. दोनों एक-दूसरे को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं और धमकी भरे पोस्ट व ऑडियो संदेश साझा कर रहे हैं. इस घटनाक्रम के बाद राज्य की कानून-व्यवस्था और अपराधियों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर सवाल उठने लगे हैं.
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत राहुल सिंह के एक सोशल मीडिया पोस्ट से हुई. पोस्ट में उसने प्रिंस खान को निशाने पर लेते हुए गंभीर चेतावनी दी और दावा किया कि वह उसे कहीं भी ढूंढ सकता है. राहुल ने पोस्ट के जरिए प्रिंस खान को नहीं छोड़ने की धमकी भी दी.
प्रिंस खान का ऑडियो मैसेज आया सामने
राहुल सिंह के पोस्ट के बाद प्रिंस खान की ओर से एक कथित ऑडियो संदेश सोशल मीडिया पर साझा किया गया. ऑडियो में राहुल सिंह की चुनौती का जवाब देने और उसे जल्द करारा जवाब देने की बात कही गई. इसके बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया पर बयानबाजी और तेज हो गई.
कुछ देर बाद राहुल सिंह ने एक और पोस्ट साझा कर प्रिंस खान को फिर खुली चुनौती दी. उसने धार्मिक नारों के साथ लिखा कि अब पीछे हटने का सवाल नहीं है और जो शुरुआत करेगा, उसका अंत किया जाएगा. पोस्ट में प्रिंस खान और उसके समर्थकों पर भी टिप्पणी की गई.
राहुल और आजाद को धमकी
इसके बाद प्रिंस खान की ओर से राहुल सिंह और उसके साथी आजाद को धमकी दिए जाने की बात सामने आई. कथित संदेश में दोनों को जान से मारने की धमकी दी गई है. लगातार पोस्ट और ऑडियो संदेश सामने आने से दोनों अपराधी गुटों के बीच तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
हालांकि, सोशल मीडिया पर किए जा रहे इन दावों और धमकियों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं.