Jamshedpur Cyber Fraud: जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में एटीएम से पैसे निकालने गए एक व्यक्ति के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है. छोटा गोविंदपुर निवासी वीरेंद्र कुमार उपाध्याय के बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने कई ट्रांजैक्शन के जरिए करीब 1 लाख रुपये निकाल लिए. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
एटीएम कार्ड फंसने के बाद ठगों के झांसे में आए पीड़ित
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 26 जून को वीरेंद्र कुमार उपाध्याय दास मेडिकल के पास स्थित एसबीआई के एटीएम से 9 हजार रुपये निकालने पहुंचे थे. इसी दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया. एटीएम के भीतर प्रदर्शित एक टोल फ्री नंबर पर संपर्क करने पर कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को मददगार बताते हुए घर लौटने की सलाह दी और कहा कि तकनीकी कर्मचारी कार्ड निकालकर बाद में सूचना देगा. इस भरोसे में पीड़ित वहां से घर लौट गए.
रात में खाते से कई बार में निकली रकम
कुछ घंटे बाद रात करीब 11:40 बजे वीरेंद्र कुमार उपाध्याय के मोबाइल पर खाते से 74 हजार रुपये निकलने का संदेश मिला. इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. जांच के दौरान बैंक स्टेटमेंट की पड़ताल में सामने आया कि अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए खाते से करीब 1 लाख रुपये निकाले गए थे. पुलिस का कहना है कि बैंक रिकॉर्ड में एक मोबाइल नंबर के जरिए पैसों के लेनदेन का सुराग मिला है.
नामजद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज, जांच जारी
मामले में 77568 79286 मोबाइल नंबर के उपयोगकर्ता और पटना निवासी मोहम्मद फैसल समेत अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है. गोविंदपुर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी के अनुसार, साइबर ठगी में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है. समाचार लिखे जाने तक मामले की जांच जारी थी.