Jamshedpur News : करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या और शहर में बढ़ते अपराध के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 3 जुलाई को प्रस्तावित जमशेदपुर बंद से एक दिन पहले शहर के विभिन्न इलाकों में मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और लोगों से बंद में सहयोग की अपील की।

मशाल जुलूस में जुटे कार्यकर्ता, बढ़ते अपराध के खिलाफ जताया विरोध
मशाल जुलूस में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा, जहां लोगों को हत्या, लूट, रंगदारी और अन्य आपराधिक घटनाओं के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि हिमांशु सिंह की हत्या ने पूरे शहर को झकझोर दिया है और लगातार हो रही घटनाओं से आम नागरिकों में भय का माहौल है।

3 जुलाई के बंद में सहयोग की अपील, कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपराध पर नियंत्रण करने में विफल रही है और अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कानून-व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो पार्टी अपना आंदोलन और तेज करेगी। भाजपा ने शहरवासियों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न वर्गों के लोगों से 3 जुलाई को प्रस्तावित जमशेदपुर बंद में स्वेच्छा से सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यह बंद शहर में शांति, सुरक्षा और बेहतर कानून-व्यवस्था की मांग को लेकर आयोजित किया गया है।