Jharkhand Weather Update: झारखंड में आज मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने की संभावना है। रांची मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग और लातेहार समेत 12 जिलों में अच्छी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की आशंका जताई गई है।
40 से 70 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा, वज्रपात का खतरा
मौसम विभाग ने दक्षिणी और मध्य झारखंड के कई जिलों के लिए तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। लोगों को खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को विशेष सतर्क रहने की जरूरत है।
बारिश के बीच गढ़वा-पलामू में गर्मी का कहर जारी
राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश से राहत मिलेगी, लेकिन गढ़वा, पलामू, चतरा और कुछ उत्तर-पश्चिमी जिलों में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। इन इलाकों में उमस के साथ गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है, जिससे बारिश के बावजूद गर्म मौसम का असर बना रहेगा।
रांची समेत कई जिलों में सुहावना रहेगा मौसम
लगातार बादल और रुक-रुक कर होने वाली बारिश के कारण रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा और पश्चिमी सिंहभूम में मौसम सबसे अधिक सुहावना रहने की संभावना है। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जिससे दिन के तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।