Aamir Khan Wedding: बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान पिछले कुछ समय से अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट को लेकर चर्चा में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि वह 5 जुलाई को तीसरी शादी करने वाले हैं। अब आमिर ने खुद मीडिया के सामने इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि वह 5 जुलाई को गौरी स्प्रैट के साथ विवाह के बंधन में बंधेंगे। 61 साल की उम्र में उनकी तीसरी शादी की खबर सामने आते ही फैंस के बीच उत्साह देखने को मिला।
मीडिया के सामने तोड़ी शादी पर चुप्पी
गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान आमिर खान से लगातार उनकी शादी को लेकर सवाल पूछे गए। इस पर उन्होंने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी और बताया कि 5 जुलाई को उनका विवाह होगा। आमिर ने कहा कि शादी बेहद सादगीपूर्ण तरीके से आयोजित की जाएगी और समारोह उनके घर पर ही होगा।
सादगी से होगी शादी, सिर्फ करीबी रहेंगे शामिल
आमिर खान ने बताया कि शादी की सभी रस्मों में केवल दोनों परिवारों के सदस्य और कुछ करीबी दोस्त ही शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि यह एक निजी समारोह होगा, जिसमें 100 से अधिक मेहमान नहीं होंगे। साथ ही, इस शादी में किसी भी बॉलीवुड सेलिब्रिटी को आमंत्रित नहीं किया जाएगा।
दो शादियों के बाद अब तीसरी बार करेंगे नया सफर शुरू
आमिर खान ने पहली शादी साल 1986 में रीना दत्ता से की थी, जिनसे उनके दो बच्चे जुनैद खान और आइरा खान हैं। पहली शादी खत्म होने के बाद उन्होंने 2005 में फिल्म निर्देशक किरण राव से विवाह किया था। अब 2026 में वह गौरी स्प्रैट के साथ अपनी तीसरी शादी कर नए जीवन की शुरुआत करने जा रहे हैं।