Giridih News: गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र के मंडरो बाजार, बरवाबाद स्थित एक किराए के मकान में 30 वर्षीय महिला का शव पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला। मृतका की पहचान जमुआ प्रखंड के एकतारा गांव निवासी आलता देवी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया और जांच शुरू कर दी।
पति मुंबई में, बेटियों के साथ रह रही थी महिला
जानकारी के अनुसार आलता देवी अपने पति परमेश्वर दास और दो मासूम बेटियों के साथ मंडरो बाजार में किराए के मकान में रहती थीं। बताया गया कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था। करीब एक माह पहले परमेश्वर दास रोजगार की तलाश में मुंबई चले गए थे, जिसके बाद आलता देवी अपनी दोनों बेटियों के साथ कमरे में रह रही थीं।
बच्ची के रोने की आवाज सुनकर पहुंचे लोग
स्थानीय लोगों के अनुसार महिला की एक बेटी के लगातार रोने और चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग कमरे तक पहुंचे। अंदर का नजारा देख सभी सन्न रह गए, क्योंकि आलता देवी का शव पंखे से फंदे के सहारे लटका हुआ था। इसके बाद लोगों ने तत्काल हीरोडीह थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी महेश चंद्र पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की है। फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।