Latehar News: लातेहार जिले के बरवाडीह में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय बच्चा 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया. घटना के बाद परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. हादसे के बाद रिहायशी इलाके से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ गई है.
छत पर खेलते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार बरवाडीह के मस्जिद मुहल्ला निवासी ईरसाद आलम का पुत्र उमर इरसाद अपने घर की छत पर खेल रहा था. इसी दौरान वह मकान के बेहद करीब से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आ गया. तेज करंट लगने से बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया. शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बिना देर किए उसे अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल डॉक्टर उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
रिहायशी इलाके से गुजर रही लाइन पर लोगों ने जताई चिंता
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आबादी के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हादसे की बड़ी वजह बताया. उनका कहना है कि इस लाइन को हटाने या दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई स्थायी कदम नहीं उठाया गया. लोगों के मुताबिक सांसद कालीचरण सिंह ने भी मामले में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
लाइन शिफ्ट करने की तैयारी, स्थायी समाधान की मांग तेज
विद्युत विभाग के अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि हाईटेंशन लाइन को शिफ्ट करने का प्रस्ताव तैयार है और जरूरी सामग्री उपलब्ध होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा. वहीं बरवाडीह व्यवसायी संघ के अध्यक्ष दीपक राज ने आरोप लगाया कि समय पर लाइन स्थानांतरित नहीं किए जाने से लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है. उन्होंने रिहायशी क्षेत्रों से हाईटेंशन लाइन हटाने और विद्युत सुरक्षा के स्थायी इंतजाम करने की मांग की है. समाचार लिखे जाने तक बच्चा अस्पताल में भर्ती है और विभाग ने लाइन शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया है.