Jamshedpur News: जमशेदपुर में शुक्रवार को भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (PIB) रांची ने वार्तालाप-2026 मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया. कार्यक्रम में जिले और आसपास के क्षेत्रों के करीब 70 पत्रकारों ने हिस्सा लिया. कार्यशाला के दौरान केंद्र सरकार की किसान कल्याण योजनाओं, कृषि सशक्तिकरण, जनकल्याणकारी पहलों और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई.
सरकार और मीडिया के बीच संवाद को बताया लोकतंत्र की मजबूती का आधार
कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ. उद्घाटन सत्र में PIB रांची एवं भुवनेश्वर के अपर महानिदेशक अखिल कुमार मिश्रा ने कहा कि सरकार और मीडिया के बीच नियमित और तथ्य आधारित संवाद लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं की सही जानकारी लोगों तक पहुंचाने में मीडिया की जिम्मेदारी बेहद अहम है. वहीं मीडिया एवं संचार अधिकारी राजेश कुमार सिन्हा ने पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके प्रभाव की जानकारी साझा की.
तकनीकी सत्र में आधुनिक खेती और नई तकनीकों पर चर्चा
कार्यशाला के तकनीकी सत्र में झारखंड दूरदर्शन समाचार इकाई के प्रमुख एवं सहायक निदेशक दिवाकर कुमार ने ड्रोन दीदी, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और आधुनिक कृषि तकनीकों को किसानों के लिए उपयोगी पहल बताया. कृषि विज्ञान केंद्र, पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ वैज्ञानिक सुरेंद्र सिंह मुंडा ने वैज्ञानिक खेती अपनाकर उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने के उपायों पर अपने विचार रखे. इस दौरान किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने और कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई.
पत्रकार कल्याण और विकसित भारत के लक्ष्य पर भी हुई चर्चा
कार्यशाला में PIB रांची के कार्यालय प्रमुख गौरव कुमार पुष्कर ने पत्रकार कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी. पद्मश्री और वरिष्ठ पत्रकार बलबीर दत्त ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में जिम्मेदार और सकारात्मक पत्रकारिता की भूमिका पर जोर दिया. जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव ने किसान हित से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए. कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसके बाद धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यशाला का समापन हुआ. इस दौरान PIB की यंग प्रोफेशनल शिवानी कुमारी केसरी ने संगठन की कार्यप्रणाली पर प्रस्तुति दी, जबकि सूचना सहायक प्रिंस कुमार, यंग प्रोफेशनल शिवेंद्र नाथ तिवारी और अन्य कर्मियों ने आयोजन में सहयोग किया.