Jamtara: जामताड़ा के मिहिजाम थाना क्षेत्र के चित्तरंजन रेलवे स्टेशन चौक के समीप हाईवे-419 पर शुक्रवार तड़के हुए सड़क हादसे में 66 वर्षीय सेवानिवृत्त चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (चिरेका) कर्मचारी की जान चली गई। मृतक की पहचान चित्तरंजन के फतेहपुर स्थित स्ट्रीट संख्या-48, क्वार्टर संख्या-16सी निवासी दिनेश सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, दिनेश सिंह अपनी बड़ी बेटी और अन्य रिश्तेदारों के साथ बिहार के डुमरी बढ़ैया स्थित पैतृक गांव जाने के लिए चित्तरंजन रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। ट्रेन का इंतजार करने के दौरान वह स्टेशन के बाहर सड़क पार कर दूसरी ओर लगे हैंडपंप से पानी लेने जा रहे थे। इसी दौरान जामताड़ा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक अनियंत्रित पिकअप वैन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वाहन जब्त, चालक की तलाश में जुटी पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय आसपास टोटो चालक और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान भी मौजूद थे। परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के तुरंत बाद घायल को समय पर सहायता नहीं मिल सकी। बताया जा रहा है कि पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है और उसका फुटेज भी सामने आया है। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वैन को रोक लिया, लेकिन चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर मिहिजाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पोस्टमार्टम के लिए शव को जामताड़ा सदर अस्पताल भेजा गया है।
फरार चालक की तलाश जारी
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है और आरोपी के पकड़े जाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।