Jamshedpur: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में 15 मई को कपड़ा दुकानदार पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी मोहित बाग उर्फ थाटो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार 15 मई को जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय के बाजार स्थित यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान पर अपराधियों ने रंगदारी के लिए फायरिंग की थी। आरोपी मैरून रंग की वैगन आर कार से आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए थे।
सीसीटीवी के आधार पर हुई पहचान
घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की। इसमें मनीष सिंह गिरोह के कुख्यात अपराधी सन्नी सिंह सरदार, सागर उपाध्याय उर्फ बिक्कू मात्रे, बानेश्वर नामता उर्फ मानस, अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन और मोहित बाग उर्फ थाटो के नाम सामने आए थे। पुलिस ने इस मामले में पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि मोहित बाग फरार चल रहा था। अब उसे उसके घर के पास से ही दबोच लिया गया है। इस केस में पुलिस पहले ही पांच देसी पिस्तौल, वैगन आर कार और जिंदा गोलियां बरामद कर चुकी है। फिलहाल पुलिस पूरे गिरोह की गतिविधियों और नेटवर्क की जांच में जुटी है।