Tata Steel SA8000 Certification: टाटा स्टील ने सामाजिक जवाबदेही के क्षेत्र में एक नया वैश्विक कीर्तिमान स्थापित किया है। कंपनी को SA8000:2014 का मल्टी साइट प्रमाणन प्राप्त हुआ है, जिसके साथ वह कार्यबल कवरेज के आधार पर दुनिया की सबसे बड़ी SA8000 प्रमाणित कंपनी बन गई है। यह प्रमाणन कंपनी की 23 साइट्स में कार्यरत 1,19,230 कर्मचारियों को शामिल करता है। इस उपलब्धि के साथ टाटा स्टील, सोशल अकाउंटेबिलिटी इंटरनेशनल (SAI) द्वारा परिभाषित खनन एवं खनिज प्रसंस्करण श्रेणी में भी दुनिया का सबसे बड़ा SA8000 प्रमाणित संगठन बन गया है। कंपनी का कहना है कि यह उपलब्धि सामाजिक जवाबदेही और श्रम मानकों के अनुपालन के क्षेत्र में एक नया वैश्विक मानदंड स्थापित करती है।
मानवाधिकार और नैतिक श्रम प्रथाओं के प्रति प्रतिबद्धता
टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉर्पोरेट सर्विसेज) डी. बी. सुंदरा रामम ने कहा कि SA8000 मल्टी साइट प्रमाणन मानवाधिकारों की सुरक्षा, नैतिक श्रम प्रथाओं और कार्यस्थल पर गरिमा बनाए रखने के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कंपनी का मानना है कि सतत औद्योगिक विकास तभी सार्थक है, जब वह सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवाधिकारों के संरक्षण के साथ आगे बढ़े। कंपनी के अनुसार, यह प्रमाणन टाटा स्टील की SA8000 स्टीयरिंग कमेटी और 23 प्रमाणित इकाइयों की सोशल परफॉर्मेंस टीमों के दो वर्षों से अधिक समय तक किए गए सतत प्रयासों का परिणाम है। मल्टी साइट प्रमाणन इस बात का प्रमाण है कि टाटा स्टील अपनी सभी विनिर्माण और खनन इकाइयों में सामाजिक अनुपालन के वैश्विक मानकों का प्रभावी ढंग से पालन कर रही है।
सामाजिक जवाबदेही के क्षेत्र में पुरानी विरासत
टाटा स्टील ने बताया कि सामाजिक जवाबदेही के क्षेत्र में उसकी लंबी विरासत रही है। वर्ष 2004 में कंपनी की सुकिंदा माइंस SA8000 प्रमाणन प्राप्त करने वाली दुनिया की पहली खनन इकाई बनी थी। इसके बाद टाटा स्टील, जमशेदपुर दुनिया का पहला इस्पात संयंत्र बना, जिसे SA8000 प्रमाणन प्राप्त हुआ। SA8000 दुनिया का प्रमुख सामाजिक प्रमाणन मानक है, जो मानवाधिकारों की सार्वभौमिक घोषणा, अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) के श्रम मानकों और राष्ट्रीय श्रम कानूनों पर आधारित है। यह प्रमाणन किसी संगठन की नैतिक श्रम प्रथाओं, कर्मचारियों के साथ निष्पक्ष व्यवहार तथा मानवाधिकारों के सम्मान और संरक्षण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।