RIMS Ranchi Amrit Pharmacy: रिम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती गंभीर मरीजों और उनके परिजनों को जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है. यहां अमृत फार्मेसी शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है. अब सिर्फ औषधि लाइसेंस जारी होने का इंतजार है. लाइसेंस मिलते ही फार्मेसी मरीजों के लिए खोल दी जाएगी.
ट्रॉमा सेंटर में कई जरूरी दवाएं रिम्स के दवा भंडार में उपलब्ध नहीं होने पर मरीजों के परिजनों को बाहर के मेडिकल स्टोर का सहारा लेना पड़ता है. गंभीर स्थिति में दवा के लिए बाहर जाना मुश्किल होता है. निजी दुकानों से महंगी दवाएं खरीदने से इलाज का खर्च भी बढ़ जाता है.
जरूरत की दवाओं की सूची तैयार करेंगे डॉक्टर
अमृत फार्मेसी शुरू होने के बाद मरीजों को अस्पताल परिसर में ही रियायती दर पर जरूरी दवाएं मिलने की उम्मीद है. रिम्स प्रबंधन डॉक्टरों से उन दवाओं की सूची तैयार कराएगा, जिनकी ट्रॉमा सेंटर में सबसे अधिक जरूरत पड़ती है.
ऐसी दवाएं भी सूची में शामिल की जाएंगी, जिन्हें मरीजों को अक्सर बाहर से खरीदना पड़ता है. इसी के आधार पर फार्मेसी में दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखा जाएगा, ताकि इमरजेंसी में दवा तुरंत उपलब्ध हो सके.
फार्मेसी का ढांचा तैयार, लाइसेंस की प्रक्रिया अंतिम चरण में
रिम्स प्रबंधन के अनुसार, अमृत फार्मेसी के लिए जरूरी ढांचा तैयार हो चुका है. औषधि लाइसेंस से जुड़ी प्रक्रिया अंतिम चरण में है.
संचालन शुरू होने पर यहां नामी कंपनियों की जेनेरिक और ब्रांडेड दवाएं बाजार मूल्य से कम दर पर उपलब्ध कराई जाएंगी. इससे मरीजों को किफायती और भरोसेमंद विकल्प मिल सकेगा.
निजी मेडिकल स्टोर पर निर्भरता होगी कम
ट्रॉमा सेंटर और सेंट्रल इमरजेंसी के आसपास पिछले कुछ वर्षों में कई निजी मेडिकल स्टोर खुले हैं. दवा भंडार में दवाएं नहीं मिलने पर मरीजों के परिजन मजबूरी में इन्हीं दुकानों से दवाएं खरीदते हैं.
अमृत फार्मेसी शुरू होने के बाद बाहर की दुकानों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है. रिम्स प्रबंधन का कहना है कि औपचारिकताएं पूरी होते ही फार्मेसी चालू कर दी जाएगी.