Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-05

UP Assembly Election: भाजपा ने सहयोगियों के साथ चुनाव लड़ने का संकेत दिया, विपक्ष में सीट बंटवारे पर सस्पेंस

UP Assembly Election: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने संगठन और गठबंधन, दोनों स्तर पर तैयारी तेज कर दी है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दो दिवसीय लखनऊ दौरे के दौरान भाजपा ने सहयोगी दलों के साथ चुनावी तालमेल का संदेश दिया.

भाजपा का कहना है कि वह एनडीए के सहयोगियों को साथ लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी. वहीं विपक्षी खेमे में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है.

भाजपा ने गठबंधन के साथ चुनाव लड़ने का दिया संकेत
लखनऊ दौरे पर पहुंचे नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी. उन्होंने दावा किया कि एनडीए फिर से पूर्ण बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगा.

भाजपा की कोशिश है कि चुनाव से काफी पहले गठबंधन सहयोगियों के साथ सीटों को लेकर सहमति बना ली जाए. इससे उम्मीदवारों को अपने-अपने क्षेत्रों में तैयारी का पर्याप्त समय मिलेगा और चुनाव के करीब सीट बंटवारे को लेकर विवाद की स्थिति भी नहीं बनेगी.

सहयोगी दलों के साथ बैठक में सीटों पर चर्चा
लखनऊ प्रवास के दौरान नितिन नवीन ने ताज होटल में एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं से मुलाकात की. माना जा रहा है कि इस बैठक में आगामी चुनाव, संगठनात्मक तैयारी और गठबंधन के समन्वय पर बातचीत हुई.

भाजपा लंबे समय से उत्तर प्रदेश में सहयोगी दलों के साथ चुनाव लड़ती रही है. पार्टी के साथ अनुप्रिया पटेल, संजय निषाद और ओम प्रकाश राजभर जैसे पिछड़े वर्ग के नेता जुड़े हैं. भाजपा इन दलों के जरिए गैर-यादव पिछड़े वर्ग के बीच अपनी पकड़ बनाए रखने की रणनीति पर काम कर रही है.

सपा-कांग्रेस में सीट शेयरिंग पर स्थिति साफ नहीं
दूसरी ओर, विपक्षी गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर अब तक स्पष्ट सहमति सामने नहीं आई है. कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अधिक सीटों पर दावेदारी की रणनीति बना रही है, जबकि समाजवादी पार्टी भी अपने संगठनात्मक आधार और पिछली चुनावी स्थिति को देखते हुए सीटों पर समझौता करना चाहती है.



उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने समाजवादी पार्टी के साथ बराबरी के आधार पर सीट बंटवारे की बात कही है. उनके बयान के बाद विपक्षी गठबंधन में सीटों को लेकर दबाव और बातचीत दोनों तेज होने की संभावना है.

मायावती की तारीफ के राजनीतिक मायने
कांग्रेस प्रभारी ने बसपा प्रमुख मायावती की भी तारीफ की है. इसे राजनीतिक हलकों में समाजवादी पार्टी पर दबाव बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है.

कांग्रेस की कोशिश अधिक सीटों पर समझौता करने की हो सकती है, लेकिन सीट शेयरिंग पर देरी विपक्षी दलों की चुनावी तैयारी को प्रभावित कर सकती है. भाजपा इसी स्थिति का लाभ उठाने के लिए गठबंधन में समय रहते सहमति बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !