Adityapur: अपराध नियंत्रण और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से आरआईटी थाना पुलिस ने रविवार को थाना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
दुकानदारों और लोगों से की बातचीत
पैदल गश्ती के दौरान पुलिस टीम ने बाजार क्षेत्र में दुकानदारों और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। पुलिस ने लोगों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
बाजार और प्रमुख स्थानों पर रही विशेष नजर
गश्त के दौरान पुलिस ने मुख्य चौक-चौराहों, बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही वाहन जांच अभियान भी चलाया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को चेतावनी देकर नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
नियमित रूप से जारी रहेगा अभियान
थाना प्रभारी रविकांत ने बताया कि बाजारों में बढ़ती भीड़ और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में आगे भी नियमित रूप से पैदल गश्त, फ्लैग मार्च और औचक जांच अभियान चलाए जाएंगे, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और लोगों में सुरक्षा का माहौल बना रहे।
स्थानीय लोगों ने की सराहना
पुलिस की इस पहल का स्थानीय दुकानदारों और आम नागरिकों ने स्वागत किया। लोगों ने कहा कि नियमित पैदल गश्त से अपराधियों में भय और आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ेगा।