Jharkhand Weather Update: झारखंड में सोमवार को मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 6 से 9 जुलाई तक राज्य के सभी 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आज अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कई इलाकों में भारी बारिश, तेज हवा, आंधी और वज्रपात की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
गढ़वा से रांची तक भारी बारिश का अलर्ट
गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और रांची में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक और वज्रपात के साथ निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। कुछ स्थानों पर 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और आंधी-तूफान की भी आशंका है।
बिजली और वज्रपात से सतर्क रहें
मौसम विभाग ने लोगों से खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े नहीं होने की अपील की है। किसानों और बाहर काम करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। लगातार बारिश के कारण रांची, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में दिनभर बादल छाए रहेंगे और मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा।
मेदिनीनगर रहेगा सबसे गर्म, कई जिलों में मौसम रहेगा ठंडा और सुहावना
आज राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि, पलामू प्रमंडल के मेदिनीनगर (डालटनगंज) और आसपास के इलाकों में सबसे अधिक 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज होने की संभावना है, जबकि पूर्वी और दक्षिणी जिलों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहेगा।