Bokaro News : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के पढ़े-लिखे और जागरूक युवाओं से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि युवा अपने-अपने क्षेत्र में ब्रांड अंबेसडर बनकर बीएलओ और सुपरवाइजर की मदद करें तथा मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म भरने में सहयोग दें।
उपायुक्त ने बताया कि वह लगातार विभिन्न क्षेत्रों के बीएलओ से अभियान की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में आने वाले बीएलओ और सुपरवाइजर का सहयोग करें, ताकि अभियान निर्धारित समय पर पूरा हो सके।
फॉर्म भरने में करें मदद, #BokaroBrandAmbassador हैशटैग के साथ साझा करें सेल्फी
डीसी ने कहा कि एन्यूमरेशन फॉर्म भरने की प्रक्रिया सरल है। मतदाता फॉर्म को सही तरीके से भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने बीएलओ को जमा करें। साथ ही अपने परिवार, पड़ोसियों और अन्य लोगों को भी फॉर्म भरने के लिए प्रेरित करें और उनकी मदद करें।
उन्होंने युवाओं से बीएलओ के साथ कार्य करते हुए अपनी सेल्फी सोशल मीडिया पर #BokaroBrandAmbassador हैशटैग के साथ साझा करने की भी अपील की। उनका कहना है कि इससे अधिक लोग इस अभियान से जुड़ेंगे और मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाने में सहयोग मिलेगा।