Bokaro News : सदर अस्पताल के विशेष नवजात शिशु देखभाल केंद्र (एसएनसीयू) ने महज 1.3 किलोग्राम वजन वाले एक गंभीर नवजात का सफल इलाज कर उसे स्वस्थ होने के बाद सोमवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी। यह अस्पताल के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 15 जून 2026 को जन्मे जुड़वां बच्चों में एक नवजात की हालत गंभीर थी। कम वजन और सांस लेने में दिक्कत होने के कारण उसे 20 जून को एसएनसीयू में भर्ती कराया गया। विशेषज्ञ डॉक्टरों और नर्सिंग टीम ने उसकी लगातार निगरानी की। इलाज के साथ कंगारू मदर केयर और केवल मां का दूध देने की व्यवस्था की गई, जिससे बच्चे की स्थिति में लगातार सुधार हुआ।
इलाज के दौरान बढ़ा वजन, डॉक्टर बोले- समय पर देखभाल से बचाई जा सकती है जान
इलाज के दौरान नवजात का वजन बढ़कर 1.50 किलोग्राम हो गया और उसकी सांस लेने की समस्या पूरी तरह खत्म हो गई। स्वस्थ होने के बाद सोमवार को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
अस्पताल की टीम ने बच्चे के परिजनों को आगे भी कंगारू मदर केयर जारी रखने, केवल मां का दूध पिलाने और तय समय पर फॉलो-अप के लिए अस्पताल आने की सलाह दी।
उपचार करने वाले डॉ. आर.के. दास ने कहा कि कम वजन वाले नवजातों का समय पर इलाज, नियमित निगरानी, कंगारू मदर केयर और स्तनपान से बेहतर परिणाम मिलते हैं। उन्होंने कहा कि बोकारो सदर अस्पताल का एसएनसीयू गंभीर नवजातों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।