Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-07

Seraikela News: सरायकेला में NH-220 पर हाइवा और ट्रेलर में भीषण टक्कर, आग लगने से दोनों चालकों की मौत

Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-220) पर रोला-खैरबनी मोड़ के पास सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे हाइवा और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे दूसरे चालक ने चाईबासा सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया।

ब्रेक लगते ही दो ट्रेलर खेत में पलटे, चालक घायल
हादसे के बाद पीछे से आ रहे दो तेज रफ्तार ट्रेलरों के चालकों ने वाहन रोकने की कोशिश की, लेकिन अचानक ब्रेक लगाने से दोनों वाहन अनियंत्रित होकर आपस में टकराते हुए सड़क किनारे खेत में पलट गए। इस दुर्घटना में दोनों चालक घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है।

दो घंटे बाद बुझी आग, जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दोनों भारी वाहन पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे। मंगलवार सुबह तक भी जले हुए ट्रेलर के पहियों से धुआं निकलता रहा। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

लगातार हादसों के बीच एनएच-220 को फोरलेन बनाने की मांग तेज
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से नाराज स्थानीय लोगों ने एनएच-220 को फोरलेन बनाने की मांग फिर उठाई है। उनका कहना है कि भारी वाहनों का बढ़ता दबाव और संकरी सड़क इस मार्ग को हादसों का केंद्र बना रही है। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के स्थायी इंतजाम और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !