Jamshedpur: जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में चापड़ के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों में से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई नकदी, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और दो चापड़ भी बरामद किए हैं।
चापड़ दिखाकर मोबाइल और नकदी लूटी
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे वादी राजेश कुमार जायसवाल बर्मामाइंस बाजार जा रहे थे। बाजार से पहले सुनसान स्थान पर लघुशंका के लिए रुके, तभी स्कूटी सवार दो अपराधी पहुंचे और चापड़ का भय दिखाकर उनका मोबाइल फोन और पर्स लूट लिया। पर्स में 700 रुपये नकद रखे थे।
भागने के दौरान स्कूटी से गिरे आरोपी
वारदात के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से स्कूटी पर फरार होने लगे, लेकिन बर्मामाइंस बाजार के पास आरोपी स्कूटी सहित गिर पड़े। इस दौरान घटना में प्रयुक्त दो चापड़, लूटा गया मोबाइल और स्कूटी मौके पर ही छूट गई। दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने पर बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूटी, मोबाइल तथा दोनों चापड़ को जब्त कर लिया।
एक आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी निरुद्ध
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने गोलमुरी लोहार लाइन निवासी निहाल खत्री को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर लूटे गए 700 रुपये भी बरामद कर लिए गए।
नाबालिग पर पहले से दर्ज हैं तीन मामले
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि निरुद्ध नाबालिग के खिलाफ पहले से गोलमुरी थाना में वर्ष 2025 और 2026 के तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।