Ranchi Smart City Death: रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र के स्मार्ट सिटी परिसर में सोमवार देर रात एक युवक का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला. मृतक की पहचान धुर्वा सेक्टर-3 के थेथरकोचा निवासी सूरज नायक के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस ने जांच शुरू कर दी.
पुलिस को घटनास्थल के पास सूरज नायक का ई-रिक्शा भी खड़ा मिला है. ई-रिक्शा सुरक्षित स्थिति में मिलने के बाद मौत के कारणों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं.
राहगीरों ने पेड़ से लटका शव देखा
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात स्मार्ट सिटी रोड से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर पेड़ से लटके युवक के शव पर पड़ी. लोगों ने तत्काल धुर्वा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
आत्महत्या और हत्या, दोनों बिंदुओं पर जांच
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह साफ नहीं हो पाया है कि युवक ने आत्महत्या की है या किसी ने उसकी हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कथित कोशिश की है. पुलिस दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
परिजनों और परिचितों से पूछताछ
पुलिस मृतक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है. उसके हालिया गतिविधियों, व्यक्तिगत संबंधों और अन्य परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.