Chandil News : जिले के चांडिल-कांड्रा मुख्य मार्ग स्थित चैनपुर पुल पर मंगलवार सुबह एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। कोयला लदा हाईवा (संख्या JH-05CU-0759) अनियंत्रित होकर पुल से नीचे कैनाल में जा गिरा। दुर्घटना में चालक घायल हो गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
ग्रामीणों ने गार्डवाल नहीं होने को बताया हादसों की बड़ी वजह
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि चैनपुर पुल पर लंबे समय से सुरक्षा गार्डवाल (रेलिंग) नहीं होने के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। पुल संकरा है और यहां से भारी वाहनों का आवागमन भी अधिक रहता है, जिससे हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है।
पहले भी हो चुके हैं कई हादसे, अब ठोस कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि इस पुल पर पहले भी कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं, लेकिन हर बार जांच और आश्वासन के अलावा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि यदि पुल के दोनों ओर मजबूत गार्डवाल लगा होता तो हाईवा के कैनाल में गिरने की नौबत नहीं आती और दुर्घटना की गंभीरता भी कम हो सकती थी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से चैनपुर पुल पर जल्द गार्डवाल निर्माण, सड़क चौड़ीकरण और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में और भी बड़ा हादसा हो सकता है। घटना के बाद एक बार फिर पुल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं।