Ranchi News : झारखंड सरकार ने यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) पास करने वाले अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आर्थिक सहायता योजना शुरू की है। योजना के तहत मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू की तैयारी के लिए पात्र अभ्यर्थियों को एकमुश्त 1.50 लाख रुपये दिए जाएंगे।
यह योजना वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लागू की गई है। इसका लाभ केवल झारखंड के मूल निवासी एससी और एसटी अभ्यर्थियों को मिलेगा। आवेदक के परिवार की वार्षिक आय सभी स्रोतों को मिलाकर 8 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। योजना का लाभ प्रत्येक अभ्यर्थी को केवल एक बार मिलेगा।
31 जुलाई तक करें आवेदन, ऑनलाइन प्रमाण पत्र ही होंगे मान्य
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जो अभ्यर्थी केंद्र या राज्य सरकार की किसी अन्य सिविल सेवा कोचिंग योजना का लाभ ले रहे हैं, वे इस योजना के पात्र नहीं होंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन शाम 6 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद प्राप्त होने वाले आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
आवेदन पत्र www.jharkhand.gov.in और www.jstcdc.org.in से डाउनलोड किए जा सकते हैं। आवेदन के साथ झारखंड का निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, यूपीएससी प्रीलिम्स का प्रवेश पत्र तथा परीक्षा उत्तीर्ण करने का प्रमाण पत्र संलग्न करना होगा।
विभाग ने कहा है कि केवल ऑनलाइन जारी निवास, जाति और आय प्रमाण पत्र ही मान्य होंगे। आवेदन निर्धारित प्रारूप में आदिवासी कल्याण आयुक्त कार्यालय, कल्याण कॉम्प्लेक्स, मोराबादी, रांची में स्वयं या स्पीड पोस्ट के माध्यम से जमा किए जा सकते हैं।