Jamshedpur News: डिजिटल भारत अभियान को नई गति देते हुए जमशेदपुर प्रधान डाकघर में अत्याधुनिक स्पीड पोस्ट सेल्फ बुकिंग कियॉस्क का शुभारंभ किया गया। यह नई सुविधा डाक सेवाओं को अधिक तेज, सरल और डिजिटल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके शुरू होने से अब ग्राहकों को स्पीड पोस्ट बुक कराने के लिए लंबी कतारों में इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
अब बिना काउंटर, खुद करें स्पीड पोस्ट बुकिंग
यह सेल्फ बुकिंग कियॉस्क पूरी तरह डिजिटल और स्वचालित प्रणाली पर आधारित है। ग्राहक स्वयं अपने पत्र या पार्सल का वजन कर सकते हैं, गंतव्य की जानकारी दर्ज कर सकते हैं और यूपीआई, क्यूआर कोड या डेबिट/क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान कर तुरंत रसीद प्राप्त कर सकते हैं। पूरी प्रक्रिया बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के कुछ ही मिनटों में पूरी हो जाती है।
डिजिटल सुविधा से समय की होगी बचत
नई व्यवस्था से आम नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और पेशेवरों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि डाक सेवाएं अधिक पारदर्शी, सुविधाजनक और तकनीक आधारित बनेंगी। यह पहल डिजिटल इंडिया के लक्ष्य को मजबूत करने के साथ नागरिकों के डाक अनुभव को भी बेहतर बनाएगी।
डाक विभाग की अपील, नई सुविधा का उठाएं लाभ
इस अवसर पर वरीय डाक पाल सुधीर कुमार ने शहरवासियों से अपील की कि वे जमशेदपुर प्रधान डाकघर पहुंचकर इस आधुनिक स्पीड पोस्ट सेल्फ बुकिंग कियॉस्क सेवा का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह सुविधा तेज, सुरक्षित और उपयोगकर्ता के अनुकूल है, जो भविष्य की डिजिटल डाक सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।