BIG BREAKING: जमशेदपुर के बहुचर्चित डीडी बार (DD Bar) हत्याकांड मामले से जुड़ी आज बुधवार की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है. इस वारदात का नामजद और मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने पुलिसिया दबाव के आगे झुकते हुए जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय (जमशेदपुर कोर्ट) में आत्मसमर्पण कर दिया है. आरोपी ने ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट विशाल गौरव की अदालत में सरेंडर किया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
चाकूबाजी और हत्या का है मुख्य आरोपी
आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा पर बिष्टपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित डीडी बार के अंदर हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह पर ताबड़तोड़ चाकूबाजी करने का मुख्य आरोप है. इस जानलेवा हमले में हिमांशु सिंह की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि प्रत्युष सिंह इस घटना में घायल हुए थे. वारदात के बाद से ही पुलिस की विशेष अनुसंधान दल (SIT) इस मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी.
कुल 10 आरोपी कानून के शिकंजे में
इस मामले में बिष्टपुर पुलिस ने कुल 10 नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी. पुलिस इस कांड में पहले ही 5 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि बीते दिनों बार के मैनेजर विजय महानन्द सहित 3 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था और एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया था. इसके साथ ही बार मालिक नीरज सिंह को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है.