Kolhan University: कोल्हान विश्वविद्यालय (KU) प्रशासन ने एमसीए (MCA) प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2025-2027) के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरने और शुल्क जमा करने की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, छात्र बिना किसी विलंब शुल्क के 10 जुलाई 2026 से लेकर 20 जुलाई 2026 तक अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फॉर्म भर सकते हैं.
21 जुलाई से लगेगा 500 रूपए विलंब शुल्क
जो छात्र निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना फॉर्म नहीं भर पाएंगे, उन्हें विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से एक और मौका दिया जाएगा. ऐसे छात्र 500 रूपए विलंब शुल्क (Late Fee) के साथ 21 जुलाई से 22 जुलाई 2026 तक अपना फॉर्म ऑनलाइन भर सकेंगे. यह रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरने का अंतिम अवसर होगा.
23 जुलाई तक जमा करनी होगी हार्ड कॉपी
ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद, संबंधित कॉलेजों और संस्थानों की यह जिम्मेदारी होगी कि वे सभी भरे गए फॉर्मों की हार्ड कॉपी की जांच कर लें. इसके बाद, कॉलेजों को 23 जुलाई 2026 तक अनिवार्य रूप से इन फॉर्मों की हार्ड कॉपी विश्वविद्यालय कार्यालय में जमा करानी होगी. विश्वविद्यालय ने छात्रों को समय पर प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है.