Giridih News : गिरिडीह-डुमरी मुख्य सड़क पर कुम्हरलालो के समीप जंगली हाथियों का एक झुंड अचानक सड़क पर पहुंच गया और सड़क पार करने लगा। इस दौरान का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। हाथियों के सड़क पर आने से कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दोनों ओर से आने वाले वाहनों को रोकना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन चालकों ने सतर्कता दिखाते हुए सुरक्षित दूरी पर अपने वाहन रोक दिए। हाथियों का झुंड व्यवस्थित ढंग से सड़क पार कर दूसरी ओर जंगल की तरफ चला गया। घटना में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
वन विभाग ने लोगों से बरतने को कहा एहतियात, हाथियों के पास न जाने की सलाह
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने हाथियों के झुंड को सुरक्षित जंगल की ओर निकलने दिया, जिसके बाद यातायात को फिर से सामान्य कर दिया गया।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों के करीब न जाएं, उन्हें उकसाने, शोर मचाने या फोटो-वीडियो बनाने के लिए नजदीक जाने की कोशिश न करें। विभाग ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और वन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।