Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-08

Ranchi News : सीयूजे में पीजी की रिक्त सीटों पर दूसरे चरण की काउंसलिंग शुरू, 15 जुलाई तक करें ऑनलाइन पंजीकरण

Ranchi News : केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (सीयूजे) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए दूसरे चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 8 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। यह अवसर उन अभ्यर्थियों के लिए है, जो पहले चरण में प्रवेश नहीं ले सके थे, लेकिन सीयूईटी (पीजी)-2026 में संबंधित विषय में योग्य घोषित हुए हैं।


विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, दूसरे चरण की काउंसलिंग केवल उन पाठ्यक्रमों और आरक्षण श्रेणियों के लिए आयोजित की जा रही है, जहां प्रतीक्षा सूची पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। संबंधित मैप्ड विषय में सीयूईटी (पीजी)-2026 उत्तीर्ण करने वाले तथा निर्धारित पात्रता मानदंड पूरा करने वाले अभ्यर्थी इस प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।

एम.कॉम में सबसे अधिक 37 सीटें खाली, रिक्त सीटों की सूची डायनेमिक

सीयूजे ने 7 जुलाई 2026 तक की डायनेमिक रिक्त सीटों की सूची भी जारी की है। इसके अनुसार विभिन्न पीजी कार्यक्रमों में कुल 171 सीटें उपलब्ध हैं। इनमें एम.कॉम में 37, लोक प्रशासन में 30, अंग्रेजी में 20, सांख्यिकी में 15, थिएटर आर्ट्स में 14, रसायन विज्ञान में 13, वोकल म्यूजिक में 12, जियोइन्फॉर्मेटिक्स में 10, तिब्बती भाषा में 7, एमबीए में 6, भूविज्ञान में 4, राजनीति विज्ञान (अंतरराष्ट्रीय संबंध विशेषज्ञता) में 2 तथा बी.एड. (भाषा) में 1 सीट रिक्त है।

वहीं बी.एड. के लाइफ साइंस, सोशल साइंस तथा फिजिकल साइंस एवं गणित विषयों में फिलहाल कोई सीट उपलब्ध नहीं है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रिक्त सीटों की सूची डायनेमिक है और प्रवेश प्रक्रिया के दौरान इसमें बदलाव संभव है। इसलिए अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध नवीनतम सीटों की स्थिति अवश्य देखनी चाहिए।

इसके अलावा, जिन अभ्यर्थियों ने पहले ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए पंजीकरण कराया था और जिनका नाम 19 जून 2026 को जारी पंजीकृत अभ्यर्थियों की सूची में शामिल था, लेकिन वे निर्धारित तिथि पर दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं हो सके थे, उन्हें दोबारा ऑनलाइन पंजीकरण करने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे अभ्यर्थियों को केवल रिक्त सीटों के अनुरूप निर्धारित गूगल फॉर्म भरना होगा।

विश्वविद्यालय ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर पंजीकरण करने तथा प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े सभी अद्यतन नियमित रूप से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर देखने की अपील की है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !