Wayanad Landslide: केरल के वायनाड जिले में सुरंग परियोजना स्थल पर हुए भूस्खलन में झारखंड के एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई. मृतक की पहचान खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड अंतर्गत पाटपुर के जरिया पंचायत निवासी 25 वर्षीय अनमोल डोडराई के रूप में हुई है. हादसे में कुल तीन लोगों की मौत हुई है. कई लोग घायल हुए हैं, जबकि पांच लोगों के लापता होने की भी सूचना है.
परिवार का इकलौता कमाने वाला था अनमोल
अनमोल डोडराई अपने परिवार का सबसे बड़ा बेटा और इकलौता कमाने वाला सदस्य था. उसकी दो बहनें हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है. छोटा भाई अभी स्कूल में पढ़ रहा है. पड़ोसी और रिश्तेदार वाल्टर हेम्ब्रम ने बताया कि अनमोल ने पिछले साल बीए की पढ़ाई पूरी की थी. इसके बाद फरवरी 2026 में उसे वायनाड की सुरंग परियोजना में मजदूर के रूप में काम मिला था.
हेम्ब्रम के अनुसार, अनमोल के निधन से परिवार गहरे सदमे में है. घर के लोगों को अब आगे की जिंदगी और आर्थिक सहारे की चिंता सता रही है.
बुधवार शाम तक रांची लाया जाएगा शव
खूंटी के श्रम अधीक्षक वाल्टर कुजूर ने बताया कि अनमोल गरीब परिवार से था. प्रशासन की ओर से शव को रांची लाने की व्यवस्था की जा रही है.
राज्य माइग्रेशन नियंत्रण कक्ष की टीम लीडर शिखा लाकड़ा ने कहा कि वायनाड जिला प्रशासन और मृतक के परिजनों से संपर्क किया गया है. पोस्टमार्टम के बाद शव को विमान से बुधवार शाम तक रांची लाने की तैयारी है. उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए भी वायनाड प्रशासन से समन्वय किया जा रहा है.
हादसे की दो स्तर पर होगी जांच
वायनाड में सुरंग परियोजना के दौरान हुए भूस्खलन की दो अलग-अलग स्तर पर जांच कराई जाएगी. जांच में यह भी देखा जाएगा कि परियोजना से जुड़ी कंपनी ने पर्यावरण मंजूरी की शर्तों का पालन किया था या नहीं. सरकार ने स्पष्ट किया है कि वायनाड को कोझिकोड से जोड़ने वाली सुरंग का निर्माण कार्य जांच पूरी होने के बाद ही दोबारा शुरू किया जाएगा. कैबिनेट बैठक में हादसे की समीक्षा की गई. सरकार ने घटना के कारणों की जांच के लिए तकनीकी और कानूनी प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है.