Ranchi Police: राजधानी के सभी थानों में एक दिवसीय जन शिकायत कार्यक्रम आयोजित किया गया. यह पहल रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर की गई. कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और आम लोगों के बीच संवाद बढ़ाना था. साथ ही लंबे समय से लंबित छोटे और गंभीर विवादों का मौके पर समाधान करने की कोशिश की गई.
सैकड़ों लोग लेकर पहुंचे अपनी शिकायत
जन शिकायत कार्यक्रम में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से सैकड़ों लोग पहुंचे. लोगों ने जमीन विवाद, पारिवारिक कलह, आपसी रंजिश, चोरी और अन्य मामलों से जुड़ी शिकायतें पुलिस अधिकारियों के सामने रखीं. इस दौरान पुलिस के वरीय अधिकारी भी थानों में मौजूद रहे. दोनों पक्षों को बैठाकर कई मामलों में बातचीत कराई गई.
100 से अधिक मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन
रांची पुलिस के अनुसार, 100 से अधिक गंभीर और जटिल मामलों का दोनों पक्षों की सहमति से मौके पर ही निष्पादन किया गया. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि छोटे विवाद कई बार समय पर नहीं सुलझने पर बड़े अपराध का रूप ले लेते हैं. ऐसे कार्यक्रमों से विवादों को शुरुआती स्तर पर ही खत्म करने में मदद मिलती है.
लंबित मामलों की जांच के लिए समयसीमा तय
जिन मामलों का तत्काल समाधान नहीं हो सका, उनमें संबंधित अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर जांच पूरी करने का निर्देश दिया गया है. पुलिस का कहना है कि अभियान का मकसद लोगों को त्वरित न्याय दिलाना और थाना स्तर पर उनकी समस्याओं का समाधान करना है. स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की. उनका कहना था कि इस तरह के कार्यक्रमों से पुलिस के प्रति जनता का भरोसा मजबूत होता है.