Maharashtra Earthquake: महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में गुरुवार तड़के लगातार चार बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। नांदेड़, हिंगोली और परभणी जिलों में रात 1:37 बजे से 3:23 बजे के बीच धरती कांपने से लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी भी तरह के बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
दो घंटे में चार बार हिली धरती, 3.6 से 4.6 रही तीव्रता
प्रशासन के अनुसार पहला भूकंप रात 1:37 बजे सिरली-पांगरा शिंदे गांव के पास आया, जिसका केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था। इसके बाद रात 2:15 बजे 3.6 तीव्रता का दूसरा झटका महसूस हुआ। महज दो मिनट बाद 2:17 बजे तीसरा और फिर 3:23 बजे चौथा भूकंप दर्ज किया गया। सभी झटकों की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 से 4.6 के बीच रही।
भारी बारिश के बीच भूकंप से बढ़ी लोगों की चिंता
मराठवाड़ा के कई हिस्सों में इन दिनों लगातार भारी बारिश हो रही है। ऐसे में देर रात आए लगातार भूकंप के झटकों ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी। कई इलाकों में लोग एहतियात के तौर पर खुले स्थानों पर खड़े रहे। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है।
अप्रैल में भी आया था 4.7 तीव्रता का भूकंप
यह पहली बार नहीं है जब मराठवाड़ा में धरती कांपी हो। इससे पहले अप्रैल 2026 में हिंगोली क्षेत्र में 4.7 तीव्रता का भूकंप आया था। उस दौरान पांगरा शिंदे गांव के कुछ मकानों और एक सामुदायिक भवन में दरारें पड़ गई थीं, जबकि नांदेड़, अर्धापुर, हदगांव, हिमायतनगर और परभणी के कई इलाकों में भी झटके महसूस किए गए थे।
स्थिति सामान्य, प्रशासन ने सतर्क रहने की दी सलाह
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी भी जिले से जनहानि या गंभीर नुकसान की सूचना नहीं मिली है। संबंधित एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि यदि दोबारा भूकंप के झटके महसूस हों तो घबराने के बजाय सुरक्षित स्थान पर जाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन लगातार आए चार झटकों ने लोगों के मन में दहशत जरूर पैदा कर दी है।