Chandil: आगामी रथयात्रा को लेकर चांडिल अनुमंडल कार्यालय सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी नितिन कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और जूना अखाड़ा के पदाधिकारी शामिल हुए।
श्रद्धालुओं ने रखीं कई महत्वपूर्ण मांगें
बैठक के दौरान श्रद्धालुओं और जूना अखाड़ा के प्रतिनिधियों ने रथयात्रा के दिन चांडिल बाजार में मांस, मछली और अंडे की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। इसके अलावा बाजार की नालियों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, मठिया आश्रम परिसर में भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, पेयजल की व्यवस्था और एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर प्रशासन का फोकस
अनुमंडल पदाधिकारी नितिन कुमार ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी रथयात्रा का आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि रथयात्रा के दौरान सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा के मद्देनजर रथयात्रा के समय बिजली आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बाधित की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रथयात्रा मार्ग पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों से आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने और सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी से बचने की अपील की। बैठक में चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी, नीमडीह थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ, ईचागढ़ थाना प्रभारी वरुण यादव, चांडिल प्रखंड विकास पदाधिकारी तालेश्वर रुहिदास, ईचागढ़ प्रखंड विकास पदाधिकारी एकता वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे।