Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची के सबसे सुरक्षित और वीआईपी इलाकों में शुमार अशोक नगर में बुधवार देर रात दो अलग-अलग घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। एक ओर नकाबपोश चोरों ने कारोबारी के घर से लाखों रुपये के गहने चुरा लिए, वहीं दूसरे घर में चोरी की आशंका के बीच एक बॉडीगार्ड अपनी ही AK-47 राइफल से चली गोली लगने से घायल हो गया। घायल सुरक्षाकर्मी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अचानक चली गोली से खुद हुआ घायल
पुलिस के अनुसार, देर रात करीब दो बजे एनके कंस्ट्रक्शन के संचालक निशित केसरी के आवास पर संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वहां तैनात बॉडीगार्ड AK-47 लेकर बाहर निकला। इसी दौरान गेट के पास अचानक राइफल से गोली चल गई, जो बॉडीगार्ड को ही लग गई। प्रारंभिक जांच में इसे गलती से फायरिंग का मामला माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पाइप के सहारे घर में घुसे नकाबपोश चोर, CCTV फुटेज के आधार पर तलाश तेज
इसी रात अशोक नगर स्थित कारोबारी अखिलेश पांडेय के घर में नकाबपोश चोर पाइप के सहारे दाखिल हुए और घर में रखे कीमती आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस का मानना है कि चोरों ने पहचान छिपाने के लिए अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और स्थानीय थाना की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं, जिनके आधार पर उनकी पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
चोरी और फायरिंग की घटनाओं की अलग-अलग जांच में जुटी पुलिस
हटिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज ने बताया कि एक घर में चोरी की घटना हुई, जबकि दूसरे घर में चोरी का प्रयास विफल रहा। इसी दौरान बॉडीगार्ड की AK-47 से गोली चलने से वह घायल हो गया। वहीं सिटी पुलिस अधीक्षक पारस राणा ने कहा कि चोरी और गोली चलने की दोनों घटनाओं की अलग-अलग जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।