Central University Of Jharkhand: केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (CUJ) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की खाली सीटों पर नामांकन के लिए दूसरे चरण की ऑनलाइन काउंसिलिंग शुरू कर दी है. पात्र अभ्यर्थी 15 जुलाई तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. यह मौका खासकर उन छात्रों के लिए है, जो पहले चरण में नामांकन नहीं ले सके थे.
CUET-PG 2026 में योग्य अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
दूसरे चरण की काउंसिलिंग में वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने CUET-PG 2026 में संबंधित विषय की परीक्षा पास की हो और विश्वविद्यालय की निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करते हों. विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि काउंसिलिंग सिर्फ उन्हीं पाठ्यक्रमों और आरक्षण श्रेणियों के लिए होगी, जहां प्रतीक्षा सूची समाप्त हो चुकी है और सीटें अब भी खाली हैं.
विभिन्न PG कोर्स में कुल 171 सीटें खाली
CUJ की ओर से जारी सूची के अनुसार, अलग-अलग स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में कुल 171 सीटें उपलब्ध हैं. इनमें एमकॉम में सबसे अधिक 37 सीटें रिक्त हैं. लोक प्रशासन में 30, अंग्रेजी में 20, सांख्यिकी में 15, थिएटर आर्ट्स में 14 और रसायन विज्ञान में 13 सीटें खाली हैं.
इन पाठ्यक्रमों में भी सीटें उपलब्ध
वोकल म्यूजिक में 12, जियोइन्फॉर्मेटिक्स में 10 और तिब्बती भाषा में 7 सीटें उपलब्ध हैं. एमबीए में 6, भूविज्ञान में 4, राजनीति विज्ञान में अंतरराष्ट्रीय संबंध विशेषज्ञता के लिए 2 और बीएड भाषा में 1 सीट खाली है. बीएड के लाइफ साइंस, सोशल साइंस, फिजिकल साइंस और गणित विषय में फिलहाल कोई सीट रिक्त नहीं है.
पहले रजिस्ट्रेशन कर चुके अभ्यर्थियों के लिए अलग व्यवस्था
जिन अभ्यर्थियों ने पहले चरण के दौरान ऑनलाइन काउंसिलिंग रजिस्ट्रेशन कराया था और जिनका नाम 19 जून को जारी पंजीकृत अभ्यर्थियों की सूची में शामिल था, उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा.
हालांकि, यदि वे तय तिथि पर दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं हो पाए थे, तो उन्हें रिक्त सीटों के अनुसार जारी किया गया गूगल फॉर्म भरना अनिवार्य होगा.
वेबसाइट पर देखें सीटों की ताजा स्थिति
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि काउंसिलिंग प्रक्रिया के दौरान सीटों की संख्या में बदलाव हो सकता है. इसलिए आवेदन से पहले अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट
https://www.cuj.ac.in पर उपलब्ध ताजा रिक्ति सूची देखनी चाहिए.