Lohardaga News: लोहरदगा के कुडू थाना क्षेत्र के संवसीरा हायर सेकेंडरी आवासीय विद्यालय के छात्रावास में मंगलवार देर रात करैत सांप घुस गया. सांप ने कमरे में सो रही चार छात्राओं को डस लिया. घटना के बाद छात्रावास में अफरा-तफरी मच गई.
12 वर्षीय वर्षा उरांव की मौत
सांप के डसने के बाद चारों छात्राओं को आनन-फानन में लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने 12 वर्षीय वर्षा उरांव को मृत घोषित कर दिया. पोस्टमार्टम के बाद उसका शव परिजनों को सौंप दिया गया.
एक छात्रा रिम्स रेफर, अन्य का इलाज जारी
घटना में घायल फुलमनिया उरांव की हालत गंभीर बताई गई है. उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया है. मनीषा कुमारी का इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में चल रहा है. वहीं अनिषा उरांव को प्राथमिक उपचार के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
निर्माणाधीन भवन में रह रही थीं छात्राएं
जानकारी के अनुसार, विद्यालय का भवन अभी निर्माणाधीन है और छात्राओं को वहीं छात्रावास में रखा गया था. मंगलवार रात सभी छात्राएं कमरे में सो रही थीं. इसी दौरान करैत सांप कमरे में घुस गया.
चीख सुनकर पहुंची स्कूल की टीम
बताया जा रहा है कि सांप ने सबसे पहले वर्षा उरांव को डसा. उसकी चीख सुनकर कमरे में मौजूद दूसरी छात्राएं जाग गईं. इस दौरान सांप ने तीन अन्य छात्राओं को भी डस लिया. शोर सुनकर शिक्षक और विद्यालय कर्मी मौके पर पहुंचे और सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
विद्यालय में दहशत, पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद छात्राओं और अभिभावकों में दहशत का माहौल है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच में छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था और छात्राओं को निर्माणाधीन भवन में रखने के कारणों की भी पड़ताल की जा सकती है.