Bokaro News : पुनर्वास भूमि में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के विरोध में विस्थापित नौजवान संघर्ष मोर्चा ने शुक्रवार को अनोखा प्रदर्शन किया। मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा और उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार की तस्वीरों पर फूल-माला चढ़ाकर प्रतीकात्मक श्रद्धांजलि सभा और भोज का आयोजन किया। प्रदर्शनकारियों ने इसे जिला प्रशासन के खिलाफ सांकेतिक विरोध बताया।
मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि विस्थापितों की पुनर्वास भूमि में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हो रही हैं, लेकिन संबंधित विभाग और जिला प्रशासन इस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है।
मोर्चा बोला- पहले निकाली थी प्रतीकात्मक शव यात्रा
विस्थापित नौजवान संघर्ष मोर्चा का कहना है कि यह श्रद्धांजलि किसी व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि प्रशासन की कथित "कुंभकर्णी नींद" के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध है। मोर्चा ने बताया कि इससे पहले भी इसी मुद्दे को लेकर उपायुक्त और उप विकास आयुक्त की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर सांकेतिक अंतिम संस्कार किया गया था, ताकि प्रशासन का ध्यान इस मामले की ओर आकर्षित हो सके।
मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष अरुण महतो ने आरोप लगाया कि पुनर्वास भूमि से जुड़े मामलों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हो रही है और संबंधित विभाग के साथ-साथ जिला प्रशासन भी मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो विस्थापित न्याय के लिए झारखंड हाईकोर्ट का रुख करेंगे और कथित रूप से जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करेंगे।