Ramgarh News: रांची-रामगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-33 स्थित चुट्टूपालू घाटी में शुक्रवार को एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा हो गया. ढलान पर ब्रेक फेल होने के बाद लकड़ी से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरा. हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया.
पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से खाई में फंसे चालक को बाहर निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. हादसा इतना भीषण था कि ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
ढलान पर बिगड़ा ट्रक का संतुलन
रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे के मुताबिक, ट्रक रांची की ओर से आ रहा था. शुरुआती जानकारी के अनुसार, घाटी के ढलान पर ब्रेक फेल होने से वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे खाई में जा गिरा. पुलिस घायल चालक की पहचान करने में जुटी है.
हादसों के लिए बदनाम है चुट्टूपालू घाटी
चुट्टूपालू घाटी लंबे समय से सड़क हादसों के लिए संवेदनशील मानी जाती है. तीखी ढलान और खतरनाक मोड़ों की वजह से यहां भारी वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं. स्थानीय लोग इस मार्ग पर सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग करते रहे हैं. समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच में जुटी थी.