Jamshedpur Police: जमशेदपुर के एसपी सिटी ललित मीना ने कहा है कि शहर में अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है. हाल के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी, जांच और दबिश के कारण अपराधियों पर दबाव बढ़ा है.
उन्होंने कहा कि पहले कुछ अपराधियों के बीच यह सोच बनी रहती थी कि अपराध करने के बाद कम सजा मिलेगी और वे जल्द बाहर आ जाएंगे. लेकिन अब पुलिस की कार्रवाई, न्यायपालिका की सख्ती और स्पीडी ट्रायल के कारण यह माइंडसेट बदल रहा है.
एसपी सिटी ने कहा कि पुलिस प्रशासन और न्यायपालिका के समन्वय से दर्ज मामलों में आरोपियों को सजा दिलाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है. इससे अपराधियों को यह संदेश गया है कि अपराध करने के बाद कानून से बचना आसान नहीं है.
उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दबाव में कुछ अपराधी क्षेत्र छोड़ने की कोशिश करते हैं. वहीं, पुलिस को अप्रत्यक्ष रूप से ऐसी सूचनाएं भी मिलती हैं कि कुछ लोग अपराध की दुनिया से दूरी बनाना चाहते हैं. कुछ लोग माफी मांगने या संदेश भिजवाने का भी प्रयास कर रहे हैं.
ललित मीना ने कहा कि पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि लोग अपराध से दूर रहें. अब तक हुई घटनाओं में शामिल आरोपियों को पकड़ा जाएगा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सजा दिलाई जाएगी. उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति अपराध में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कठोर और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी.