Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-06-24

Jamshedpur DC Meeting: स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित, जन-जन तक स्वच्छता संदेश पहुंचाने का आह्वान

Jamshedpur: स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के अंतर्गत आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने की।
इस दौरान उप विकास आयुक्त ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 के अंतर्गत 26 जून से अगस्त माह तक जिला, प्रखंड और ग्राम स्तर पर स्वच्छता से जुड़ी विभिन्न मानकों पर सर्वेक्षण किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह केवल एक रैंकिंग प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इसका मूल उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में स्थायी स्वच्छता व्यवहार को जन-जन तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि सर्वे का कार्य स्वतंत्र संस्था अकादमी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज द्वारा किया जाएगा। इस दौरान ग्राम स्तर पर शौचालय उपयोग, ठोस और तरल अपशिष्ट प्रबंधन (SLWM), कचरा पृथक्करण, सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सफाई, जल स्रोतों की स्थिति एवं अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर कार्यों का अवलोकन किया जाएगा।

बैठक में कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर एवं आदित्यपुर ने बताया कि नागरिक फीडबैक के लिए स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 एप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। इसके माध्यम से नागरिक 13 बिंदुओं पर अपनी राय दे सकेंगे, जिससे गांव की स्वच्छता की स्थिति का मूल्यांकन हो सकेगा।

कार्यशाला के दौरान उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि मोबाइल एप के माध्यम से फीडबैक की प्रक्रिया और अन्य सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं। इसके अलावा उन्होंने शौचालयों की स्थिति, अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक वेस्ट निस्तारण एवं कूड़े के स्रोत पर पृथक्करण जैसे विषयों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।

इस अवसर पर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के दोनों प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, डीपीएम जेएसएलपीएस, पंचायती राज डीपीएम, जिला समन्वयक SBMG/JJM, पीओ मनरेगा और सभी प्रखंडों के वॉश समन्वयक उपस्थित रहे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !