Jamshedpur: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जिले में गिरती कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध, सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार और स्वास्थ्य सेवाओं की दुर्दशा को लेकर गंभीर चिंता जताई गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि झारखंड सरकार के शासन में जिले की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। हत्या, लूट, बलात्कार और भ्रष्टाचार आम बात हो चुकी है। अस्पतालों में डॉक्टर, दवाइयाँ, ऑक्सीजन और एंबुलेंस तक की भारी कमी है। साथ ही, जन वितरण प्रणाली, राशन कार्ड, पेंशन योजनाओं सहित कई जन कल्याणकारी योजनाओं में भी अनियमितता व्याप्त है।
भाजपा ने प्रशासन से निम्नलिखित मांगें रखी हैं:
- जिले में कानून व्यवस्था की बहाली और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
- अस्पतालों में आवश्यक चिकित्सा सेवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
- किसानों को खाद, बीज और मुआवजा समय पर मिले।
- पेंशनधारी वृद्ध, विधवा और दिव्यांगजनों को नियमित भुगतान हो।
- राशन कार्ड, आय प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज भ्रष्टाचार मुक्त तरीक़े से बनाए जाएं।
- स्कूलों और कॉलेजों में शिक्षकों की नियुक्ति तथा रिक्त पदों को भरा जाए।
- दिव्यांगजनों के लिए विशेष पेंशन और सरकारी योजनाओं को समय पर लागू किया जाए।
- शहर से बाहर भेजे गए गंभीर रूप से बीमार मरीजों के लिए उचित सुविधा और सहायता सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन में पार्टी ने कहा कि राज्य सरकार की लापरवाही के चलते आम जनता त्रस्त है और सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन करने को बाध्य होगी।
ज्ञापन पर सुधांशु ओझा के अलावा कई भाजपा कार्यकर्ताओं जैसे संतोष सिंह, मनोज सिंह, बिनोद सिंह के हस्ताक्षर हैं।