Ranchi News: रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र के चंदवे में रहकर पढ़ाई कर रही एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली. मृतका की पहचान निशु कुमारी के रूप में हुई है. वह बोकारो जिले के गोमिया की रहने वाली थी. घटना की जानकारी मिलते ही पिठौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है.
पढ़ाई के लिए रांची में रह रही थी छात्रा
पुलिस के अनुसार, निशु कुमारी चंदवे इलाके में रहकर पढ़ाई कर रही थी. घटना कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी जानकारी और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.
सूचना मिलते ही रांची पहुंचे परिजन
घटना की सूचना मिलने के बाद निशु कुमारी के परिजन गोमिया से रांची पहुंचे. छात्रा की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है. परिजन भी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि छात्रा ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया. फिलहाल आत्महत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है.
हर बिंदु पर जांच कर रही पुलिस
पिठौरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे ने बताया कि मामले में परिजनों से पूछताछ की गई है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.