Ranchi Crime News: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित डिबडीह में हुए अभिषेक लोहरा हत्याकांड में कोर्ट ने अहम कार्रवाई की है. अपर न्याययुक्त की अदालत ने मुख्य आरोपी शंकर लोहरा के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं. अब मामले में ट्रायल की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
आरोपी ने खुद को बताया बेगुनाह
सुनवाई के दौरान अदालत ने शंकर लोहरा को आरोप पढ़कर सुनाए. इस पर आरोपी ने खुद को निर्दोष बताया और सभी आरोपों से इनकार किया. इसके बाद कोर्ट ने अभियोजन पक्ष को अपने साक्ष्य पेश करने का निर्देश दिया. मामले में अब 3 अगस्त से गवाहों की गवाही शुरू होगी.
विवाद के बाद हुई थी बेरहमी से पिटाई
यह मामला 29 जनवरी 2026 का है. पुलिस के अनुसार, किसी बात को लेकर अभिषेक लोहरा और शंकर लोहरा के बीच विवाद हो गया था. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर शंकर लोहरा ने अभिषेक पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया. मारपीट में अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया.
इलाज के दौरान हुई थी मौत
घायल अभिषेक को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान 30 जनवरी को उसकी मौत हो गई. मौत के बाद मामला हत्या में बदल गया और पुलिस ने जांच तेज कर दी.
परिजनों ने किया था थाना घेराव
घटना से नाराज परिजनों ने डोरंडा थाना का घेराव कर आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी. इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर 30 जनवरी की देर रात शंकर लोहरा को गिरफ्तार कर लिया था.
फिलहाल न्यायिक हिरासत में आरोपी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया. फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है. अब कोर्ट में गवाहों की गवाही और साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे सुनवाई होगी.