Giridih News: गिरिडीह जिले के पीरटांड़ प्रखंड के उत्तरी पारसनाथ क्षेत्र में सड़क की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई. दलवाडीह गांव में प्रसव पीड़ा शुरू होने पर गर्भवती महिला को एंबुलेंस तक पहुंचाने के लिए परिजनों और ग्रामीणों को उसे खाट पर लिटाकर करीब चार किलोमीटर पैदल चलना पड़ा. बाद में एंबुलेंस से अस्पताल ले जाकर उसका इलाज कराया गया. समय पर उपचार मिलने से महिला की जान बच गई.
सड़क नहीं होने से बढ़ी परेशानी
जानकारी के अनुसार, दलवाडीह निवासी संतोष मुर्मू की पत्नी लोगो टुडू को शनिवार सुबह अचानक प्रसव पीड़ा हुई. परिजनों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाई, लेकिन गांव तक सड़क नहीं होने के कारण वाहन नहीं पहुंच सका. ऐसे में ग्रामीणों ने महिला को खाट पर लिटाया और पिपराडीह मुख्य मार्ग तक पैदल लेकर पहुंचे. वहां पहले से मौजूद एंबुलेंस से उसे अस्पताल भेजा गया.
एक दिन पहले ही उठी थी सड़क की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार को ही उन्होंने उपायुक्त से मिलकर सड़क निर्माण की मांग की थी, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला. अगले ही दिन यह घटना सामने आ गई. रास्ते में महिला की हालत भी बिगड़ गई थी, हालांकि अस्पताल पहुंचने के बाद समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई.
प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक परिवार की समस्या नहीं, बल्कि पूरे इलाके की परेशानी है. उनका कहना है कि सड़क के अभाव में मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को हर बार ऐसी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द पक्की सड़क बनाने की मांग की है.