Adityapur News : सरायकेला-खरसावां पुलिस ने आदित्यपुर थाना क्षेत्र में संचालित अवैध ऑनलाइन बेटिंग और जुआ रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 33 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, दो वाई-फाई राउटर, एक लैपटॉप समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद किए हैं।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनुभव भारद्वाज ने बताया कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर में अवैध ऑनलाइन बेटिंग और जुआ संचालित होने की सूचना मिली थी। सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान बिहार के बेगूसराय निवासी सुमित कुमार, खगड़िया निवासी गुलशन कुमार और भोजपुर (आरा) निवासी मनोज कुमार को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

डिजिटल नेटवर्क की होगी फॉरेंसिक जांच
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 33 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, दो ड्यूल बैंड वाई-फाई राउटर, एक डेल कंपनी का लैपटॉप, मोबाइल चार्जर, एडॉप्टर तथा ऑनलाइन लेन-देन और हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं।
एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंकिंग रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच के जरिए पूरे ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।