Giridih News : विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला स्वास्थ्य समिति गिरिडीह के तत्वावधान में एमसीएच (MCH), चैताडीह में जनसंख्या स्थिरता अभियान-2026 का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसंख्या स्थिरता, परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा छोटे परिवार और स्वस्थ समाज की अवधारणा को मजबूत करना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, उप विकास आयुक्त असमृता कुमारी एवं सिविल सर्जन डॉ. बच्चा सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या की चुनौतियों का समाधान जनजागरूकता, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं और प्रभावी परिवार नियोजन कार्यक्रमों के माध्यम से ही संभव है।
परिवार नियोजन सेवाओं को मजबूत करने का संकल्प, स्वास्थ्यकर्मियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि जनसंख्या स्थिरता केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के समग्र विकास से जुड़ा विषय है। संतुलित जनसंख्या से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और आर्थिक प्रगति को नई दिशा मिलती है। लोगों से परिवार नियोजन के सुरक्षित एवं आधुनिक साधनों को अपनाने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई।
इस अवसर पर परिवार नियोजन एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, एएनएम और सहियाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि जिलेभर में जनजागरूकता कार्यक्रम, परामर्श शिविर और परिवार नियोजन सेवाओं का विशेष अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम में डॉ. प्रदीप बैठा, डॉ. संजना शर्मा, डॉ. रचना सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।