Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-12

Giridih News : गिरिडीह में निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरा, मलबे में दबकर मां-बेटे की दर्दनाक मौत

Giridih News : जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सलैया गांव में निर्माणाधीन मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर जाने से मलबे में दबकर मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि निर्माण कार्य कर रहा एक राजमिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।


मृतकों की पहचान सुनीता देवी और उनके पुत्र राजकुमार यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों अपने निर्माणाधीन मकान का कार्य देख रहे थे। इसी दौरान वे छज्जे के पास खड़े होकर निर्माण कार्य में लगे राजमिस्त्री प्रदीप यादव को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, तकनीकी खामी समेत अन्य पहलुओं की जांच शुरू

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही राजमिस्त्री प्रदीप यादव छज्जे पर चढ़कर काम शुरू करने लगा, अचानक छज्जा तेज आवाज के साथ भरभराकर नीचे गिर पड़ा। भारी मलबा सीधे सुनीता देवी और उनके पुत्र पर आ गिरा, जिससे दोनों उसकी चपेट में आ गए। वहीं राजमिस्त्री भी नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे मां-बेटे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।

घायल राजमिस्त्री प्रदीप यादव को इलाज के लिए जमुआ स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसके हाथ, पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर निर्माणाधीन छज्जे में तकनीकी खामी या मजबूती की कमी की आशंका जताई जा रही है। वहीं ग्रामीणों ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !