Jamshedpur: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के अंतर्गत जेमको गुरुद्वारा के पास स्थित आजाद बस्ती में शनिवार रात एक मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। यहां मजदूर मांगने को लेकर उपजे विवाद में टन्नू पासवान नामक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में टन्नू गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल टन्नू पासवान के साथी से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात कुछ युवक उनके पास मजदूरी के लिए मजदूर मांगने पहुंचे थे। इसी बातचीत के दौरान टन्नू पासवान और उन युवकों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने तैश में आकर सीधे टन्नू के सीने पर चाकू से वार कर दिया।
एमजीएम अस्पताल में चल रहा है इलाज
वारदात के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मुस्तैदी और मदद से लहूलुहान टन्नू पासवान को तुरंत इलाज के लिए एमजीएम (MGM) अस्पताल पहुंचाया गया। आपातकालीन वार्ड में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि "घायल युवक की हालत फिलहाल सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।" जानकारी के अनुसार, घायल टन्नू पासवान मूल रूप से बिहार के पटना का रहने वाला है। वह जमशेदपुर में रहकर एक स्टील प्लांट में मजदूरी का काम करता है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस को सूचित कर दिया गया है। टेल्को थाना पुलिस ने मामले को दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है और फरार हमलावर युवक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।