Jharkhand News: राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से रविवार को कांग्रेस के "छात्रों की गूंज" अभियान के तहत स्टूडेंट्स मैराथन निकाली गई. इसमें बड़ी संख्या में छात्र, युवा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया.
पेपर लीक के खिलाफ उठाई आवाज
मैराथन के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया. प्रतिभागियों ने निष्पक्ष, पारदर्शी और भरोसेमंद परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग की. कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार, मंत्री राधाकृष्ण किशोर, शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुबोध कांत सहाय समेत कई नेता मौजूद रहे. सभी ने युवाओं के साथ मैराथन में हिस्सा लिया.
"छात्रों के साथ खड़ी है कांग्रेस"
उदय भानु चिब ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के अधिकारों की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी.
युवाओं के भविष्य से समझौता नहीं
कन्हैया कुमार ने कहा कि किसी भी राज्य में पेपर लीक की घटना होने पर कांग्रेस छात्रों के पक्ष में आवाज उठाएगी. उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा. मैराथन के दौरान प्रतिभागियों ने पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और निष्पक्ष परीक्षाओं की मांग को लेकर जागरूकता संदेश भी दिए.